हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि संवाद किसी भी समस्या के समाधान का केंद्र बिंदु होता है। सार्थक चर्चा से निष्कर्ष निकले जाते हैं और निर्णय लिए जाते हैं। विधानसभा का सदन प्रदेश के लोगों के लिए नीति निर्धारण का अहम जरिया है। इसी सदन से योजनाओं के लिए बजट पारित किया जाता है और खर्च किए गए एक-एक पैसे का हिसाब भी विधानसभा की समितियां लेती हैं। यह समितियां सरकार को भी फिजूल खर्ची न करने की सलाह देती हैं।
विधानसभा अध्यक्ष आज राजधानी युवा संसद द्वारा हरियाणा विधानसभा सदन में दो दिवसीय हरियाणा युवा संवाद, 2025 कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जहां यह सम्मेलन हो रहा है यह कोई साधारण मंच नहीं है बल्कि जनता द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधियों का मंच है, जहां वे अपने-अपने क्षेत्र की मांग उठाते हैं और समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र ही नहीं बल्कि प्राचीनतम लोकतंत्र है।
श्री हरविंद्र कल्याण ने कहा कि संसद व विधानमंडलों के सदन लोकतंत्र की आत्मा होती है। उन्होंने कहा कि संसदीय प्रणाली में विधाय़िका, कार्यपालिका व न्यायपालिका तीन स्तंभ होते हैं। मीडिया को भी लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना गया है। विधायिका का महत्व सबसे अहम होता है और यह लोगों के लिए कानून बनाती है और समय-समय पर इसमें संशोधन भी करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने “वन नेशन, वन रजिस्ट्रेशन” डिजिटल प्लेटफार्म तैयार करने की पहल की है। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंसी आधार पर आईटी को बढ़ावा दिया जा रहा है और आने वाले समय में कोई भी व्य़क्ति इस प्लेटफार्म के माध्यम से यह जानकारी हासिल कर सकता है, किस समय किस विधायक व सासंद ने सदन में वक्तव्य दिया था। उन्होंने बताया कि पटना में आयोजित अखिल भारतीय विधानसभा स्पीकर सम्मेलन में भी इस मुद्दे पर गहनता से विचार किया गया था।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधि भविष्य के नेता होते हैं और आज आप जिस प्लेटफार्म पर पहुंचे हैं, आप में भी आने वाले समय में कोई न कोई अच्छा नेता बन सकता है।
उन्होंने कहा कि तीन चरण के दौर से चयनित होकर हरियाणा विधानसभा सदन में 60 से अधिक युवाओं ने भाग लिया है। इन्होने न केवल अपने विचार सांझा किए बल्कि समाज को किस प्रकार की दिशा देनी है और एक युवा अपने मन में इस बारे में क्या सोच रखता है वो इस मंच के माध्यम से हमारे सामने प्रकट किये हैं।