भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि ड्रग्स फ्री हरियाणा साइक्लोथॉन को महज एक साइकिल यात्रा ना समझें। इस यात्रा का उद्देश्य हरियाणा को ड्रग्स फ्री बनाने के लिए युवाओं के साथ-साथ हर नागरिक को जागरूक करना है।
सांसद धर्मबीर सिंह आज भिवानी में राधा स्वामी सत्संग भवन दिनोद आश्रम से ड्रग्स फ्री हरियाणा साइकिल यात्रा को दादरी के लिए रवाना करने से पहले अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब प्रदेश कभी देश के विकसित प्रदेश में शुमार था। अब इस प्रदेश के युवा नशे की गिरफ्त में हैं और प्रदेश के विकास की गति थम चुकी है।
उन्होंने कहा कि ड्रग्स का नशा धीरे-धीरे हमारे हरियाणा प्रदेश में भी आ रहा है, जो बहुत बड़ी चिंता का विषय है। हमें इस नशे को यहीं पर रोकना होगा। यह तभी संभव है जब हर नागरिक जागरुक हो और अपने आस-पास नजर रखें कि कहीं कोई भी किसी प्रकार से ड्रग्स आदि नशे की बिक्री ना कर रहा हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए गए इस अभियान में हम सबको साथ देना है और हरियाणा को नशा मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं का भविष्य बर्बाद करता है। युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए हमें नशे के खिलाफ लड़ाई मिलकर लड़नी होगी। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और खेलों में प्रदेश व देश के लिए पदक जीतें।