हरियाणा चुनाव सह प्रभारी बिपल्ब देब ने कहा कि 2024 का यह विधानसभा चुनाव कांग्रेस और भाजपा का चुनाव नहीं है, बल्कि यह हरियाणा के स्वाभिमान का चुनाव है, जनता के खुशहाल भविष्य का चुनाव है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन झूठ और फरेब की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के दौरान एससी एसटी के आरक्षण खत्म करने वाले बयान से यह प्रमाणित हो गया कि कांग्रेस पार्टी ही असल में दलित विरोधी पार्टी है।
बिपल्ब देब ने आगामी 5 अक्टूबर को कमल के फूल का निशान वाला बटन दबाकर टोहाना से भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र बबली, रतिया से भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल को बहुमत से विजयी बनाकर और प्रदेश में फिर एक बार मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली सरकार बनाने की अपील की। बिपल्ब देब ने कहा कि भाजपा के पास नायब सिंह जैसा पैकेट भी नया है और सामान भी नया है, लेकिन कांग्रेस के पास पुराना माल नया पैकेट भूपेंद्र सिंह हुड्डा है। हरियाणा की जनता ने कांग्रेस के कुशासन के 10 साल भी देखे हैं, जिससे त्रस्त होकर प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 में भाजपा की सरकार बनाई।