सन् 1857 की क्रांति के अमर शहीद और बल्लभगढ़ रियासत के राजा नाहर सिंह की 202वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जाट समाज (बल्लभगढ़) द्वारा सर्व समाज को साथ लेकर राजा नाहर सिंह महल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने राजा नाहर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अविस्मरणीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में कई वीरों ने अपनी जान की आहुति दी और उनमें एक महत्वपूर्ण नाम राजा नाहर सिंह का भी है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही देश की रक्षा के लिए उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए। उनका बलिदान सिखाता है कि उनकी वजह से हम आज स्वतंत्र भारत में शांति और समृद्धि का अनुभव कर पा रहे हैं। राजा नाहर सिंह की वीरता और साहस की कहानी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। उनकी शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा और उनकी वीरता का गुणगान आने वाली पीढ़ियों द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने लोगों द्वारा राजा नाहर सिंह को भारत रत्न देने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि “हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान हमारे देश के लिए अनमोल है। उनका योगदान और बलिदान हम कभी नहीं भूल सकते। केंद्र सरकार इस दिशा में काम कर रही है और जो भी अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हैं, उन्हें भारत रत्न देने का कार्य केंद्र सरकार करती है। मैं आयोजकों की इस मांग को केंद्र सरकार के समक्ष उठाऊँगा।