Chandrayaan-3: देश के सफलतम वैज्ञानिक मिशनों में से एक चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर भूकंपनीयता का अध्ययन कर यह साबित किया है कि वहां भी पृथ्वी की तरह झटके आते हैं। चंद्र सतह पर भूकंप के ये झटके उल्कापिंडों के प्रहार अथवा तापीय कारणों से हो सकते हैं। चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम के साथ भेजे गए पांच वैज्ञानिक उपकरणों (पे-लोड) में से एक इंस्ट्रूमेंट फॉर लूनर सिस्मिक एक्टिविटी (इलसा) ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय प्रदेशों में 250 से अधिक चंद्र भूकंपीय झटके दर्ज किए हैं। इनमें से लगभग 200 भूकंपीय संकेत, चंद्रयान-3 मिशन के साथ भेजे गए रोवर प्रज्ञान की पदचाप या अन्य उपकरणों के संचालन के दौरान दर्ज किए गए। लेकिन, शेष 50 संकेतों का संबंध रोवर या लैंडर विक्रम के किसी उपकरण के संचालन से नहीं हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि इन 50 संकेतों का संबंध चंद्रमा की भूकंपीय गतिविधियों से हो सकता है। अमरीका के अपोलो मिशन के दशकों बाद यह पहला अवसर है जब, चंद्रमा की भूकंपनीयता का अध्ययन किया गया है।
190 घंटे का मैराथन प्रयोग
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने कहा है कि संभवत: यह पहला अवसर है जब चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय प्रदेशों में भूकंपीय आंकड़े एकत्रित किए गए हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि लैंडर विक्रम अत्याधुनिक उपकरण सिलिकॉन माइक्रो-मशीनिंग सेंसर तकनीक से लैस है और इसने अत्यंत सूक्ष्म चंद्र कंपन को भी दर्ज किया। इसरो वैज्ञानिकों की टीम ने चंद्रयान-3 उपकरण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विज्ञान पत्रिका इकारस में अपना शोधपत्र प्रकाशित किया है।