बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में लोकायुक्त पी विश्वनाथ शेट्टी को उनके ऑफिस में एक व्यक्ति ने चाकू मारकर गंभीर से घायल कर दिया। लोकायुक्त को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह घटना उस समय घटी जब एक अपराधी कोर्ट में सुनवाई के लिए आया था। पुलिस के मुताबिक, लोकायुक्त शेट्टी को माल्या अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर है लेकिन गंभीर बनी हुई है। हमलावर की पहचान तेजस शर्मा के तौर पर हुई है।
लोकायुक्त को चाकू से तीन बार गोदा
पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर दो बजे के आसपास लोकायुक्त पी विश्वनाथ शेट्टी अपने ऑफिस में मामलों की सुनवाई कर रहे थे। तभी सुनवाई के लिए आए तेजस शर्मा नाम के व्यक्ति ने उन पर चाकू से तीन बार हमला किया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। लोकायुक्त तेजस से जुड़े मामले की ही सुनवाई कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक तेजस 18 मुकदमों में आरोपी है।
चश्मदीद ने बताई आंखों देखी घटना
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया लोकायुक्त का हाल लेने माल्या हॉस्पिटल पहुंचे। आपको बता दें कि जस्टिस शेट्टी ने जनवरी, 2017 में कर्नाटक के लोकायुक्त का पदभार संभाला था। घटना के दौरान कोर्ट परिसर में मौजूद एक चश्मदीद जय अन्ना ने बताया कि, एक व्यक्ति ने जज की हत्या का प्रयास किया। उसने जज पर तीन बार चाकू से हमला किया। इसके बाद जज जमीन पर गिर पड़े। आप देख सकते हैं कि सिद्धारमैया की सरकार किस तरह की सुरक्षा मुहैया करवा रही है।