दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज जनता की अदालत लगाने जा रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर अरविंद केजरीवाल जनता की अदालत लगाएंगे। दरअसल अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली शराब नीति में कथित घोटाले का आरोप है, इस मामले में उन्हें हाल ही में जमानत मिली है। जिसके बाद अब अरविंद केजरीवाल लोगों के बीच जाकर सीधा संवाद करेंगे।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल की राजनीति की शुरुआत जंतर-मंतर से हुई थी। यहीं से भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आंदोलन की शुरुआत हुई थी और इसके बाद यहीं पर अरविंद केजरीवाल ने भूख हड़ताल की और बाद में आम आदमी पार्टी के गठन की घोषणा यहीं से की थी।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली आबकारी नीति मामले के बारे में जनता का फैसला लेने की अपनी इच्छा व्यक्त की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे इस्तीफा देने और मतदाताओं का फैसला आने तक अपने पद पर दोबारा नहीं लौटेंगे। आबकारी नीति मामले में जमानत मिलने के बाद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
माना जा रहा है कि 2025 की शुरुआत में दिल्ली विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। लेकिन कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि AAP समय से पहले चुनाव कराने पर विचार कर रही है। केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आप की प्रमुख नेता और केजरीवाल के मंत्रिमंडल की सदस्य आतिशी मार्लेना दिल्ली की मुख्यमंत्री बन गई हैं। आतिशी ने पांच मंत्रियों के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।