लोगों ने अपनी समस्याएं बताई तो अभय ने भी इनेलो की सरकार बनने पर सभी समस्याओं का निवारण करने का भरोसा दिलाया
अब झूठ की राजनीति खत्म, आज का युवा उसी को चुनेगा जो सच की राजनीति करेगा: अभय सिंह चौटाला
कहा – पहले जननायक ताऊ देवी लाल के नाम का डंका बजता था, चौटाला साहब के नाम पर सारा जींद खड़ा हो जाता था, एक समय ऐसा भी आया जब हमें जींद से खाली हाथ लौटना पड़ा लेकिन आज जींद फिर से उसी रंग रूप में है
वहां मौजूद लोगों ने कहा कि अबकी बार फिर से जींद की पांचों सीटें इनेलो को जितवा कर भेजेंगे
महिलाओं के लिए सत्संग भवन बनाएंगे जहां महिलाएं भगवान की भक्ति और भजन सत्संग कर सकेंगी, हर घर में एक गैस सिलेंडर प्रति माह मुफ्त देंगे और साथ ही 1100 रूपए रसोई खर्च भी देंगे
जींद, 14 जुलाई। परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ शुक्रवार को 134वें दिन की शुरुआत हलका जींद के गांव बरसोला से शुरू हुई और गांव दरियावाला, ठांडाखेड़ी, जाजवान, सगतपुरा, जलालपुर होते हुए ईक्कस पहुंची। ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला का जोरदार स्वागत किया। उनके प्रति युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में जोश और जुनून लगाता बढ़ता जा रहा है और भारी संख्या में इनेलो नेता को सुनने आ रहे हैं। अभय चौटाला लगातार लोगों के उमड़ रहे हुजूम को देख कर आत्मविश्वास से लबरेज दिखे।
इस दौरान लोगों ने अभय चौटाला को अपनी समस्याएं बताई तो उन्होंने भी इनेलो की सरकार बनने पर सभी समस्याओं का निवारण करने का भरोसा दिलाया। इनेलो नेता ने जब लोगों से पूछा कि क्या सभी लोग भाजपा गठबंधन सरकार से खुश हैं तो सभी ने कहा कि सभी बेहद दुखी हैं।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि कभी जननायक ताऊ देवीलाल के नाम का डंका बजता था। चौटाला साहब के नाम पर सारा जींद खड़ा हो जाता था। एक समय ऐसा भी आया जब हमें जींद से खाली हाथ लौटना पड़ा लेकिन आज जींद फिर से उसी रंग रूप में है। इतना कहते ही वहां मौजूद लोगों ने कहा कि अबकी बार फिर से जींद की पांचों सीटें इनेलो को जितवा कर भेजेंगे।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर है और सभी अबकी बार इनेलो की सरकार चाहते हैं। पूरे प्रदेश के लोग भाजपा और जजपा वालों को चोर, लुटेरे और बेईमान बोलते हैं और इनसे इतना खफा हैं कि इन्हें गावों में घुसने नहीं दे रहे। जो नेता लोगों से झूठ बोलेंगे, राजनीतिक तौर पर लोगों से धोखा करेंगे और प्रदेश को लूटेंगे तो उन्हें लोग ऐसे ही जूतों से पीटेंगे। उन्होंने कहा कि अब झूठ की राजनीति खत्म हो चुकी है और आज का पढ़ा-लिखा युवा झूठ बर्दाश्त नहीं करेगा। जो राजनेता सच की लड़ाई लड़ेगा और सच की राजनीति करेगा आज का युवा उसी को चुनेगा।
इनेलो नेता ने कहा कि जननायक देवी लाल ने प्रदेश की जनता को एक नारा दिया था, ‘‘बिजली पानी का प्रबंध करेंगे-भ्रष्टाचार बंद करेंगे’’ जिसको ताऊ देवी लाल ने सत्ता में आते ही लागू किया था, उसी नारे को हम साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां इनेलो की सरकार बनने पर सार्वजनिक कार्य करेंगे वहीं महिलाओं के लिए सत्संग भवन बनाएंगे जहां महिलाएं भगवान की भक्ति और भजन सत्संग कर सकेंगी। प्रधानमंत्री ने हमारी माताओं के साथ बड़ी ठगी की है मुफ्त गैस सिलेंडर देने के नाम पर वोट ले लिए लेकिन अब वो ही गैस सिलेंडर 1200 रूपए का लेना पड़ता है। इनेलो की सरकार बनने पर हर घर में एक गैस सिलेंडर प्रति माह मुफ्त देंगे और साथ ही 1100 रूपए रसोई खर्च भी देंगे।